स्वामी विवेकानंद
स्वामी विवेकानंद का जन्म 12 जनवरी के दिन हुआ था जिसके चलते उनके जन्मदिन को हर वर्ष युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। स्वामी विवेकानन्द को भारत के महानतम आध्यात्मिक नेताओं की सूची में स्थान प्राप्त है। स्वामी विवेकानन्द ने लोगों में राष्ट्रीय चेतना जगाने का प्रयास किया। उन्होंने ही प्रसिद्ध “ उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक मंजिल प्राप्त न हो जाए” नारा दिया था।
वर्ष 1893 में अमेरिका के शिकागो में हुए विश्व धार्मिक सम्मेलन में स्वामी जी ने ही भारत और हिंदुत्व का प्रतिनिधित्व किया था तथा लोगों को भारतीय संस्कृति का मुरीद बना दिया था। हिंदुत्व को लेकर उनके द्वारा दुनिया के सामने रखी गई व्याख्या आज भी आकर्षण का केंद्र है और हम सभी को प्रेरणा देती हुई गर्व का अनुभव कराती है।
उन्होंने ही रामकृष्ण मठ,रामकृष्ण मिशन और वेदांत सोसाइटी की भी स्थापना की थी जो कि आज भी समाज के उत्थान में अपना योगदान दे रहे हैं।